पेंड्रा रतनपुर निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग 45 पर 24 घंटे में लगा तीसरी बार जाम, यातायात पूरी तरह से बाधित, लोग हो रहे हैं परेशान।।।।।।
पेंड्रा। मध्यप्रदेश के जबलपुर से अमरकंटक, केंवची होते हुए पेंड्रारोड, पेंड्रा, मरवाही को रतनपुर और बिलासपुर से जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग-45 इन दिनों राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। निर्माणाधीन सड़क की बदहाल स्थिति और बारिश के बाद जगह-जगह बने कीचड़ के कारण इस मार्ग पर आए दिन जाम लग रहा है। शनिवार को एक बार फिर एनएच-45 पर जाम लग गया। बताया जा रहा है कि 24 घंटे के भीतर यह तीसरी बार है, जब इस मार्ग पर यातायात बाधित हुआ है।।।
दरअसल जानकारी के अनुसार, केंदा से दारसागर, मझवानी और बासाझाल के बीच सड़क की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। सड़क निर्माण के दौरान ठेका कंपनी द्वारा सड़क के निचले हिस्सों और खराब स्थानों पर मिट्टी डालकर फिलिंग की गई थी। बारिश के बाद यही मिट्टी कीचड़ में बदल गई। कीचड़ में भारी मालवाहक वाहनों के पहिए धंसने लगे, जिसके चलते वाहन सड़क पर फंस गए और देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।।।।
वहीं जाम में यात्री बसों, कारों, ट्रकों और अन्य छोटे-बड़े वाहनों के फंसने से राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालक घंटों तक जाम खुलने का इंतजार करते रहे। मार्ग पर यातायात प्रभावित होने से यात्रियों का समय बर्बाद हुआ और जरूरी काम से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी।स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-45 मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है।।।।
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री और मालवाहक वाहन गुजरते हैं। इसके बावजूद निर्माणाधीन हिस्से में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की जा रही है। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे वाहन फंसने और जाम लगने की समस्या लगातार बढ़ रही है।।।
वहीं लगातार जाम की स्थिति से लोगों में ठेका कंपनी और संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क के खराब हिस्सों को तत्काल दुरुस्त करने, कीचड़ वाले स्थानों पर उचित मटेरियल डालने तथा यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि महत्वपूर्ण एनएच-45 पर बार-बार लगने वाले जाम से राहगीरों को राहत मिल सके।।।





0 Comments