90 लाख की ठगी के तार पेंड्रा से जुड़े, शातिर महिला समेत तीन गिरफ्तार।।
पेंड्रा/सक्ति। प्रदेश के सक्ती जिले बाराद्वार में हुई करीब 90 लाख रुपये की ठगी के मामले के तार पेंड्रा से जुड़ने के बाद सक्ती पुलिस ने पेंड्रा पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में एक शातिर महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई के बाद पेंड्रा क्षेत्र में भी ठगी के कथित नेटवर्क को लेकर चर्चा तेज हो गई है।।।
जानकारी के अनुसार सक्ती थाना में अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 61(2) एवं 112 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों की पहचान करते हुए पेंड्रा क्षेत्र में दबिश दी। संयुक्त कार्रवाई में रेखा राठौर, निवासी उरांव पारा अड़भार, उसके साथी अफरोज खान, निवासी पुरानी बस्ती पेंड्रा तथा सुभाष साहू को गिरफ्तार किया गया।।।।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने खुद को निजी बैंककर्मी बताकर लोगों से संपर्क किया और कथित रूप से धोखाधड़ी की। जांच में आरोपियों के पेंड्रा क्षेत्र से जुड़े होने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों पर कार्रवाई की। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ठगी की रकम, अन्य पीड़ितों और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।।।
स्थानीय स्तर पर यह भी जानकारी सामने आई है कि पेंड्रा क्षेत्र में कुछ लोगों से पैसों की ठगी की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। कई पीड़ितों द्वारा रकम वापस नहीं मिलने के बाद चेक बाउंस के मामले न्यायालय में चलाए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि इन मामलों में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।।।
बताया जा रहा है कि निजी फाइनेंस और लोन के नाम पर गांव-गांव जाकर ग्रामीणों से संपर्क करने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी अब सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कम पढ़े-लिखे ग्रामीणों को लोन और सेटलमेंट के नाम पर कथित रूप से ठगी का शिकार बनाया गया। वहीं जानकारी के अनुसार पूर्व में कई पीड़ितों से ठगी के आरोप इन आरोपियों पर है।।
साथ ही साथ पेंड्रा के कई पीड़ितों के पैसों के साथ धोखाधड़ी करने का भी आरोप है वर्तमान में कई पीड़ित पैसा ना मिल पाने की स्थिति में चेक बाउंसिंग कराकर कोर्ट में अपना केस लड़ रहे हैं इस उम्मीद से की पैसा उनका जल्द मिल जाएगा। फिलहाल सक्ती पुलिस की कार्रवाई के बाद पेंड्रा में सक्रिय बताए जा रहे इस कथित नेटवर्क को लेकर जांच तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






0 Comments